राजधानी में पहली बार मूवी की शूटिंग करने पहुंचे सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने को उनके प्रशंसक बेताब रहे। फिल्म के क्रू मेंबर के साथ उन्होंने बुधवार सुबह से लोकशन पर लाइट, कैमरा, एक्शन के साथ शूटिंग शुरू कर दी। मंगलवार दोपहर शहर पहुंचने के बाद मूवी के मुख्य किरदार अमिताभ बच्चन और निर्देशक शूजीत सरकार ने सुबह ही शूट की पहली लोकेशन पर डेरा डाला। फिल्म यूनिट के सूत्रों के मुताबिक कैसरबाग के महमूदाबाद हाउस के भीतर हो रहे इनडोर शूट केपहले दिन लोकल कलाकारों के कुछ टेस्ट शॉट के अलावा कैमरा टीम सुबह से दोपहर तक कैमरों केएंगल पर काम करती रही। अमिताभ एक बड़े कमरे में निर्देशक के साथ कई मसलों पर बात करते दिखे। फिल्म से बिग बी अमिताभ बच्चन केजुडे़ होने केचलते महमूदाबाद हाउस के बाहर से भीतर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्य द्वार पर ही पुलिसिया इंतजाम के अलावा बाउंसर्स के चलते सिवाय यूनिट के किसी और को भी जाने का मौका नहीं मिला। हालांकि अमिताभ के प्रशंसकों का हुजूम जरूर दोपहर के समय सुहाने मौसम में छतों पर घूमकर भीतर की एक झलक के लिए बेकरार दिखे, लेकिन उन्हें भी क्रू के अलावा मैदान में सिर्फ गाड़ियां ही दिखीं। सुबह निर्देशक शूजीत सरकार और अमिताभ बच्चन के कोठी के भीतर का हालचाल लेती कुछ तस्वीरें जरूर फैन्स ने खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। दोपहर में बूंदाबांदी ने क्रू की तैयारियों पर भी प्रभाव डाला। कैसरबाग के महमूदाबाद हाउस के आसपास सुरक्षा के तामझाम, वैनिटी वैन देख कर गुजर रहे लोगों को जब पूछताछ के बाद जानकारी हुई तो बिग बी की झलक के लिए अलबत्ता सड़क के किनारे लोगों के झुंड शाम से पहले खड़े दिखे।
अमिताभ ने शेयर की शहर की झलकी
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले अमिताभ ने लखनऊ आने केसाथ ही शहर के नजारों को अपने फैंस केसाथ शेयर किया है। मंगलवार को लखनऊ आने के बाद उन्होंने शाम को बैकुंठ धाम ओवरब्रिज से सूर्यास्त की एक तस्वीर ट्विटर अकाउंट पर मंगलवार आधी रात के बाद साझा की थी।