भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को अवध की सरजमीं से कांग्रेस आलाकमान समेत सपा व बसपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि जेएनयू में राष्ट्रविरोधी नारेबाजी पर वे अपना रुख जनता के सामने साफ करें। साथ ही कहा कि सोनिया गांधी भी संसद में बताएं कि इस तरह के नारे बर्दास्त किए जाने चाहिए या नहीं।
कहा कि देशद्रोहियों का समर्थन करने वालों को भी सजा के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपी में सपा परिवारवाद तो बसपा जातिवाद की राजनीति कर रही है।
बहराइच के गुल्लाबीर मंदिर में आयोजित सभा में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि धार्मिक स्थलों के साथ महाराजा सुहेलदेव ने धर्म की रक्षा की थी। वीर भक्तों को याद करने वाले ही इतिहास बनाते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अफजल गुरु की बरसी मनाने वालों ने देश की बर्बादी के लिए नारे लगाए।
अब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर देश की संसद में कुछ राजनीतिक दल हल्ला मचा रहे हैं। संसद में हल्ला मचाने वालों को ऐसी गतिविधियों के प्रति अपना रुख साफ करना चाहिए।