फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमें 2019 में जवाब देना है अभी आप हिसाब दीजिए अखिलेश बाबू : अमित शाह

Sat, 03 Sep 2016 11:02 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को सपा-बसपा के साथ ही कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को बार-बार ललकारा।
विज्ञापन


कहा, अखिलेश बाबू, हमें तो 2019 में जवाब देना है, अभी आप हिसाब दीजिए। यदि बहरे नहीं हुए हैं, कान खुले हैं तो सुन लीजिए, ढाई साल में मोदी सरकार ने इतने काम किए हैं जितने आप और कांग्रेस मिलकर 70 साल में भी नहीं कर पाए।

अमित शाह डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के सभागार में भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, दो दिन पहले अखिलेश यादव ने मोदी सरकार से ढाई साल का हिसाब-किताब मांगा है।
विज्ञापन


अखिलेश बाबू यूपी में 2017 में चुनाव हो रहा है। 2019 में हम आएंगे तो एक-एक काम का हिसाब देंगे, अभी तो बारी आपकी है। पांच साल से आपकी सरकार है, आपको हिसाब देना है।

प्रदेश की बदहाली के लिए जितनी दोषी कांग्रेस, उससे ज्यादा सपा-बसपा

अमित शाह बोले, अखिलेश बाबू, बहनजी (मायावती) और कांग्रेस को हमसे हिसाब मांगने से पहले खुद जवाब देना होगा। इन तीनों दलों ने मिलकर 10 साल देश पर राज किया है।

यूपीए सरकार में देश, प्रदेश की बदहाली के लिए जितनी दोषी कांग्रेस है, उससे ज्यादा जिम्मेदारी सपा-बसपा की है।

उन्होंने कहा, हमने सबसे पहले बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया। 10 साल तक प्रधानमंत्री की आवाज को मां-बेटा (सोनिया-राहुल) के अलावा कोई नहीं सुन पाया। हमने निर्णय करने वाली सरकार दी। जिस तरह यूपी में मालूम नहीं पड़ता कि कितने सीएम हैं, उसी तरह देश में पता नहीं लगता था कि कौन पीएम है?

सपा-बसपा की बैसाखी पर चलने वाली यूपीए सरकार ने देश में 12 लाख करोड़ के घोटाले किए। हमने भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी सरकार दी है।

मायावती का नाम लिए बिना कहा, बहनजी को भी अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उन्होंने टिकटों के दाम तय कर रखे हैं।

पांच लाख करोड़ का हिसाब मांगा

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 13वें वित्त आयोग में प्रदेश को 2.80 लाख करोड़ रुपये मिले थे। भाजपा सरकार बनी तो प्रदेश को 7.10 लाख करोड़ रुपये दिए, पहले से पांच लाख करोड़ ज्यादा।

यह पैसा जनता तक क्यों नहीं पहुंचा, अखिलेश को इसका हिसाब देना होगा। बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और विकास की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। विकास के धन की क्यों लूट-खसोट हुई, इसका हिसाब देना होगा।

यूपी में सरकार नहीं बना सकते राहुल-नीतीश
अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। कहा, राहुल बाबा कांग्रेस को संजीवनी देने के लिए निकल रहे हैं। बिहार के सीएम व जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार भी पूर्वांचल में आ रहे हैं। लेकिन ये दोनों यूपी में सरकार नहीं बना सकते। दोनों पार्टियां यहां वोट कटवा हैं।

उन्होंने कांग्रेस और नीतीश को यूपी में वोट कटवा बताया। कहा, सपा-बसपा का ऋण उतारने के लिए ये भाजपा को हराना चाहते हैं। प्रदेश की जनता को इनसे सावधान रहना है। ये सपा-बसपा को लाभ पहुंचाना चाहते हैं।
विज्ञापन

अफजाल नहीं आए तो आजम, अतीक कहां जाएंगे

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, यादव परिवार नाटक करता है। शिवपाल यादव कहते हैं, अफजाल अंसारी को लेंगे, अखिलेश कहते हैं, नहीं लेंगे। फिर नेताजी (मुलायम सिंह) कहते हैं उन्हें लेंगे। इनकी नूरा-कुश्ती से सावधान रहने की जरूरत है। ये मिलकर प्रदेश की जनता को मूर्ख बना रहे हैं।

कहा कि अखिलेश बाबू, अफजाल को नहीं लोगे लेकिन आजम, अतीक को कहां भेजोगे। एक तरफ कुआं है और दूसरी तरफ खाई। बसपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, निर्लज्ज लोगों ने बहन-बेटी के लिए कैसे-कैसे नारे लगाए। प्रदेश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।

सपा गुंडों के बल पर चुनाव जीतना चाहती है लेकिन भाजपा जनता के समर्थन से चुनाव जीतेगी। कार्यकर्ताओं से कहा, यहां से सपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर जाएं।

भाजपा सरकार में हुआ यूपी का विकास
शाह ने कहा, जातिवाद की राजनीति ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। यूपी में जब-जब भाजपा सरकारें आई हैं, यूपी का विकास हुआ है। कल्याण सिंह की सरकार बनी तो गुंडे जमीन पर दिखाई नहीं दिए। राजनाथ सिंह की सरकार आई तो धान की पूरी खरीद हुई। केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होगी तो तेजी से विकास होगा। हम ऐसी सरकार चाहते हैं कि केंद्र से 100 रुपये आए और प्रदेश में 125 रुपये का काम हो।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें