लखनऊ। नगर निगम ने बुधवार को भारी विरोध के बीच पारा इलाके की पिंक सिटी में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई कर 25 पशु पकड़े और इन्हें कांजी हाउस में बंद करा दिया। अभियान के दौरान टीम के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
पारा इलाके में बड़ी तादाद में अवैध डेयरियां हैं। यहां पर कई बार भारी बवाल और दस्ते के साथ मारपीट हो चुकी है। इससे यहां डेयरियों के खिलाफ अभियान नहीं चल पाता है। ऐसे में बुधवार को पर्याप्त पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। टीम जब यहां पहुंची तो अवैध डेयरी वालों ने विरोध शुरू कर दिया। यह देख पुलिस ने विरोध करने वालों को पीछे किया, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने अवैध डेयरियों से 22 भैंसें और तीन गायें पकड़ीं ।