अमेठी जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां शौच के लिए रेलवे लाइन की तरफ गए दो युवक ट्रेन की टक्कर के बाद पास के तालाब में जा गिरे जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक युवक बाल बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ दोनों मृतक अपने कान में ईयरफोन लगाए हुए थे जिस कारण उन्हें ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी।
लखनऊ वाराणसी रेलखंड स्थित बनी रेलवे स्टेशन के नजदीक एंधी रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार सुबह तीन युवक शौच के लिए रेलवे लाइन की तरफ गए थे तभी प्रतापगढ़ से कानपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ने दो युवकों को टक्कर मार दी जबकि एक बाल बाल बच गया। हादसे के बाद दोनों बगल में स्थित तालाब में जा गिरे जहां दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गौरीगंज पुलिस आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची है और शवों को निकालने की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे में बचे युवक के मुताबिक दोनों मृतक अपने कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे तभी ट्रेन की चपेट में आ गए और तालाब में जा गिरे।
ये भी पढ़ें - यूपी: समूह ग की नौकरी नहीं पा सकेंगे चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के मृतक आश्रित, नियमावली में होगा बदलाव
ये भी पढ़ें - बहराइच: 14 दिन की खामोशी के बाद भेड़िए फिर हुए सक्रिय, दो पर जानलेवा हमला, वन विभाग ने तेज किया सर्च ऑपरेशन
टीन शेड लगाने आये थे श्रमिक
घटनास्थल के पास ही अनिल मिश्र के अनाज गोदाम का निर्माण चल रहा था जिसमें कई मजदूर टीन शेड लगाने दूसरे जिलों से आये थे। इसी में काम करने सीतापुर का रहने वाला प्रमोद यादव और लखीमपुर खीरी का रहने वाला रोहित भी शामिल थे जो आज हादसे का शिकार हो गए।फिलहाल पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।