तस्कर के वाहन से बरामद गांजे की तौल कराते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
भीटी इलाके में मंगलवार दोपहर एसओजी टीम और गांजा तस्करों के मध्य मुठभेड़ हो गई। इस दौरान टीयूवी और कार सवार आजमगढ़-गोरखपुर के तस्करों ने पुलिस घेराबंदी से बचने के लिए दो से तीन राउंड फायर किया। जवाब में पुुलिस की ओर से एक राउंड फायरिंग की गई, जिसमें कार का टायर पंचर हो गया और उसमें सवार महिला समेत तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
भीटी महरुआ मार्ग स्थित पंचम कुटी के पास पेट्रोल पंप पर भीटी इंस्पेक्टर वीरेंद्र बहादुर सिंह, एसओजी टीम ने दोपहर करीब तीन बजे एक टीयूवी व कार को रोकने का प्रयास किया। कार में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एसओजी की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें गोली एक कार के पहिये में जा धंसी। इससे कार का टायर पंचर हो गया। फिर भी बदमाशों ने भागने की कोशिश की। बाद में एसओजी टीम ने कई थानों की पुलिस टीम के साथ तेजापुर से अढ़नपुर जाने वाले खड़ंजे के पास घेराबंदी कर ली। टीयूवी में सवार दो बदमाश फायरिंग करते हुए वाहन छोड़कर भाग निकले।
कार सवार तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। इनकी पहचान संदीप कुमार राजभर निवासी महाराजगंज आजमगढ़, सोनू चौहान व महिला इसरावती निवासी महरौली बेलीपार गोरखपुर के रूप में हुई। मामले की जानकारी लगते ही एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सीओ टांडा शुभम कुमार, एसओ अहिरौली अभिषेक त्रिपाठी समेत कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस टीमों ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों वाहनों की जांच की, जिसमें कार से 36 पैकेट व टीयूवी गाड़ी से छह पैकेेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 40 किग्रा है। इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।