शत प्रतिशत मतदान की अपील के साथ शुरू किए गए अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम के समापन के मौके पर जिले के डीएम कौशल राज शर्मा ने लखनऊ स्थित अमर उजाला कार्यालय में अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को संबोधित कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरुकता अभियान चलाए गए। दो लाख 85 हजार नए वोटरों को वोटर लिस्ट से जोड़ा गया। हमारी पूरी कोशिश है कि शत प्रतिशत मतदान हो।
उन्होंने अलग-अलग क्लबों से जुड़ी महिलाओं से अन्य महिलाओं को वोट करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। दरअसल, 2014 के लोकसभा चुनाव में लखनऊ में 58 फीसदी मतदान हुआ था जिसे बढ़ाने को लेकर प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कार्यक्रम चलाए।
कार्यक्रम में महिलाओं ने भी वादा किया कि जहां तक संभव होगा वह मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अपना 100 प्रतिशत देंगी। इस मौके पर फिक्की लेडीज ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन माधुरी हलवासिया, फिक्की फ्लो की सीनियर चेयरपर्सन पूजा गर्ग, इंटेक इंस्टीट्यूट की निदेशक ममता मिश्रा समेत अन्य महिलाएं शामिल हुईं।