राज्यसभा के पूर्व सांसद अमर सिंह ने रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। कभी सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के बेहद करीब रहे अमर सिंह ने कहा, मैं मोदी का नहीं, उनके काम का मुरीद हूं।
उनके नेतृत्व में जनता में जो विश्वास पैदा हुआ है, वह काबिले तारीफ है। हालांकि उन्होंने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने और उनके विचारों का प्रचार-प्रसार करने के लिए बसपा के संस्थापक कांशीराम और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की भी प्रशंसा की। अमर सिंह राजधानी में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
उन्होंने कहा, जी-हुजूरी न पाने के कारण उन्हें सपा से बाहर किया गया। पर, यह स्वीकार किया कि आज उन्हें जो पहचान मिली है, वह सपा और मुलायम सिंह की देन है। उन्होंने कहा कि सोनिया और मुलायम ने उनके साथ जो भी किया, उससे जीवन का बड़ा अनुभव मिला है।
यह समझ गया कि कुछ लोग दूसरों का घर जलाकर अपना हाथ सेंकते हैं। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन एक समय में उनके अच्छे मित्र थे लेकिन आज नहीं हैं।