मुलायम सिंह यादव अब पुराने वाले मुलायम नहीं रहे जो वादा पूरा करने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर देते थे। अब वह वादाखिलाफी करने वाले मुलायम सिंह हो गए हैं। समाजवादी पार्टी में अब बेईमानों और चरित्रहीनों को तरजीह दी जा रही है।
मुलायम सिंह आजमगढ़ के सांसद हैं, उन्हें चाहिए कि वे जिले में आएं और यहां का विकास करें। शनिवार को ये बातें पूर्व सांसद अमर सिंह ने कहीं। वह चौरी बेलहा महाविद्यालय तरवां में हाकी प्रतियोगिता के समापन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अमर सिंह ने कहा नोएडा के भ्रष्ट अफसर अशोक चतुर्वेदी, यादव सिंह, नीरा यादव सपा सरकार की निगाह में ईमानदार छवि के हैं। इस कारण इन्हें बचाया जा रहा है।
जबकि दुर्गा शक्ति नागपाल जैसी ईमानदार अफसर इसकी नजर में भ्रष्ट थीं। इस कारण उन्हें सजा दी गई। उन्होंने कहा कि मैं प्रोफेसर रामगोपाल यादव को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उनके लगाए गए जिस आरोप, मैं सैफई में सिनेमा के सितारों को लाता हूं, पर मुझे पार्टी से निष्कासित किया गया था, पार्टी उसमें लिप्त है।
अमर सिंह ने सीएम अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि वह सैफई महोत्सव में सिनेतारिकाओं में ऐसे उलझे कि गुजरात में आयोजित आप्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम में आमंत्रण के बाद भी नहीं गए।