लखनऊ। ट्रेन में कहासुनी के बाद चारबाग रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग महिला और उनके बेटे को पीटा गया। आरोपी सहयात्री व चार अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला बरौनी ग्वालियर एक्सप्रेस में हुई कहासुनी से जुड़ा है।
59 वर्षीय पूनम पांडेय के अनुसार, वह मुजफ्फरपुर से लखनऊ आ रही थीं। ट्रेन के सेकंड एसी बोगी ए-2 में सहयात्री अलख निरंजन मिश्रा नशे में बदतमीजी कर रहा था। उन्होंने उसकी शिकायत टीटीई और रेलवे हेल्पलाइन 139 पर की। हाजीपुर में जीआरपी ने अलख को हिदायत दी थी। सोमवार सुबह 10:50 बजे ट्रेन चारबाग स्टेशन पहुंची। उतरने के दाैरान उनकी युवती और तीन युवकों से कहासुनी हो गई। इस पर तीनों ने गाली-गलाैज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। इसी बीच पीड़िता के बेटे उन्हें रिसीव करने पहुंचे थे। उनकी भी पिटाई की गई। आरपीएफ और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह डागर ने बताया कि ट्रेन में सामान रखने के लिए दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद चारबाग पर मारपीट की घटना हुई। जीआरपी ने ट्रेन के सहयात्री, युवती व तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं स्टेशन पर बगैर प्लेटफार्म टिकट पहुंचे शाश्वत, अपर्णा, आयुष और शिवांग के खिलाफ रेलवे ने जुर्माना वसूला। जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।