मोहनलालगंज। क्षेत्र के हुलासखेड़ा में बृहस्पतिवार को प्लॉटिंग साइट पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पिस्टल लूटने और अपहरण का आरोप लगाया है। आरोपियों ने थाने में भी हंगामा किया। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
पद्यमिनखेड़ा निवासी भाजपा नेता हंसराज रावत के मुताबिक दोपहर एक बजे वह हुलासखेड़ा स्थित अपनी साइट पर प्लॉटिंग करवा रहे थे। तभी दो कार से सात अज्ञात पहुंचे और खुद को एसटीएफ से जुड़ा बताते हुए बातचीत शुरू कर दी। आरोप है कि एक ने उनके चेहरे पर स्प्रे कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। तभी मदद के लिए पहुंचे कौशल मिश्रा को भी पीटने लगे और उन्हें अगवा कर लिया। हंसराज का आरोप है कि उनकी पिस्टल, 14 कारतूस और मोबाइल लूट लिया।
दूसरे पक्ष के अमित सिंह का आरोप है कि वे अपनी जमीन पर गए थे कि तभी हंसराज ने हत्या की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी। उनकी जान बाल-बाल बची। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग का आरोप गलत पाया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।