राजधानी में एसयूवी से इवेंट मैनेजर का अपहरण कर पीटने का आरोप है। पीड़ित ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। मामले में केस दर्ज करके पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
राजधानी लखनऊ में हुसैनगंज क्षेत्र के उदयगंज निवासी इवेंट मैनेजर मोहम्मद जुनैद ने छह लोगों पर उनका अपहरण करके पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
मोहम्मद जुनैद के मुताबिक, 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे फरहान खान ने उन्हें कॉल करके उनकी लोकेशन पूछी। उन्होंने जब चारबाग रेलवे स्टेशन के पास खुद के मौजूद होने की बात कही तो फरहान ने उन्हें वहीं रुकने को कहा। कुछ देर बाद एक एसयूवी उनके सामने आकर रुकी, जिसमें फरहान, उसके साथी डाबर, तन्ना व तीन अन्य सवार थे। आरोपियों ने उन्हें जबरन अपनी एसयूवी में बैठा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ दूर आगे बढ़ने पर डाबर ने उनका गला दबा दिया। वहीं अन्य आरोपी उन्हें पीटने लगे। उन्होंने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी हत्या करने की बात कही। इस पर वह घबरा गए और किसी तरह से खुद को छुड़ाकर गाड़ी से कूद गए। आरोपियों ने जब उनका दोबारा अपहरण करने की कोशिश की तो वहां भीड़ जुट गई। यह देख आरोपी वहां से भाग निकले।
विज्ञापन
पीड़ित ने भागकर हुसैनगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जुनैद की फरहान से पुरानी रंजिश है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है। वहीं पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।