इलाहाबाद राज्य विवि को अब प्रो. राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ केनाम से जाना जाएगा। साथ ही सहारनपुर और आजमगढ़ में भी राज्य विवि स्थापित होंगे। राज्यपाल राम नाईक ने बृहस्पतिवार को उप्र राज्य विवि संशोधन अध्यादेश-2019 को लागू कर दिया।
राज्य विधानमंडल सत्र में न होने के कारण और जरूरत को देखते हुए मंत्रिपरिषद के प्रस्ताव को उन्होंने अपनी स्वीकृति दी है। ये पत्रावलि बृहस्पतिवार को ही राज्य सरकार से राजभवन को मिली थी।
राजभवन के अनुसार उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय संशोधन अध्यादेश 2019 केमाध्यम से डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद का नाम परिवर्तित करके डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या करने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा सहारनपुर जिले में सहारनपुर राज्य विश्वविद्याल व आजमगढ़ में आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत मुजफ्फर नगर, सहारनपुर और शामली आएंगे। आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय के अंतर्गत आजमगढ़ और मऊ होंगे।
दोनों नवस्थापित विश्वविद्यालयों में प्रथम परिनियमावली न बनने तक सहारनपुर राज्य विश्वविद्यालय में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की परिनियमावली और आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की परिनियमावली के उपबंध लागू होंगे।