मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने कहा कि सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को चाभी वितरण और पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरित करेंगे। उन्होंने इस दिन पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उत्सव का माहौल बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बुधवार को लोकभवन स्थित अपने समिति कक्ष में ग्राम्य विकास, नगर विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, सामान्य प्रशासन व परिवहन विभाग के कामकाज की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत सभी निकायों में ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम्य विकास और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड व प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रतीकात्मक चाभी वितरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी 10 अगस्त से 25 सितम्बर तक खरीफ फसल का डिजिटल क्राप सर्वे (ई-पड़ताल) प्रस्तावित है। डिजिटल सर्वे के तहत सर्वेयर किसान के खेत पर जाकर फसलों की जियो रेंफरेंस आधारित फोटो को अपलोड करेंगे। उन्होंने 17 से 31 जुलाई तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़ा में स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोड वाहनों का संचालन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 20 जुलाई से 16 जनवरी 2024 तक प्रदेश में अग्निवीर योजना के तहत सेना भर्ती रैली होगी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा रोडमैप तैयार करें अग्निवीर योजना में उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक अभ्यर्थी चयनित हो। भदोही के जिलाधिकारी ने ग्राम ज्ञानालय नवाचार का प्रस्तुतीकरण दिया। कानपुर देहात के जिलाधिकारी ने रनिया में डंप क्रोमियम वेस्ट के निस्तारण का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।