लेसा में कार्यों के निर्देश देने के दौरान निराला नगर एसडीओ ने संविदा कर्मी से अपशब्द कह दिए।
इस पर संविदा कर्मी ने एसडीओ पर हाथ उठा दिया। एसडीओ ने संविदा कर्मी के खिलाफ तहरीर दी तो विरोध में उपकेंद्र के संविदा कर्मियों ने सोमवार सुबह काम ठप कर दिया, जिसे इलाके की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई।
रविवार दोपहर कपूरथला उपकेंद्र में एसडीओ अमर सिंह ने संविदा कर्मी अंगद से पॉवर कनेक्शन के बिल बांटने के निर्देश दिए।
संविदा कर्मियों का आरोप है कि एसडीओ ने बातचीत के दौरान कई अपशब्दों का इस्तेमाल किया जो अंगद को नागवार गुजरा। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
इसी बीच अंगद ने एसडीओ पर हाथ उठा दिया। एसडीओ ने संविदा कर्मचारी के खिलाफ सरकारी काम न करने एवं मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने के लिए अलीगंज थाने में तहरीर दी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
इसके विरोध में उपकेंद्र के संविदा कर्मियों ने सोमवार को कामकाज ठप कर दिया, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। आंचलिक विज्ञान केंद्र के पीछे स्थित क्षेत्र के लोग बिजली व पानी को तरस गए।
यहां पर सुबह 6:30 बजे ट्रांसफार्मर एवं 11 केवी के बीच लगे एक डियो का फ्यूज उड़ने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह डियो फ्यूज चार घंटे के बाद सुबह 10:30 बजे लग सका।
इसके कारण जलापूर्ति भी बाधित हुई। इस मामले में अलीगंज खंड लेसा के एक्सईएन जेके पाल ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। एसडीओ अवकाश पर हैं। उनके आने पर बातचीत की जाएगी।