परिवहन निगम की बसें बुधवार से आलमबाग के बजाय चारबाग के पुराने बस अड्डे से मिलेंगी। चारबाग और आलमबाग बस अड्डों दोनों की ही साधारण बसों और वॉल्वो का संचालन इसी बस अड्डे से होगा।
हालांकि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वॉल्वो और कुछ रूट की बसों का आवागमन आलमबाग बस अड्डे होकर होगा। लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार सिंह ने मंगलवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश दिए।
अब तक चारबाग बस अड्डे से कानपुर, इलाहाबाद, गोरखपुर रूट की बसों का संचालन हो रहा था। वहीं, आलमबाग से जितने रूटों के लिए बसों का संचालन हो रहा था, बुधवार से उन सभी रूटों की बसें चारबाग से चलेंगी।
इसमें बहराइच, गोंडा, सुल्तानपुर, बलरामपुर, रायबरेली, फतेहपुर रूट की साधारण बसें और कुल 26 वॉल्वो शामिल हैं। इस तरह दोनों डिपो की करीब 200 बसों और वॉल्वो का संचालन यहां से होगा।
शासन स्तर पर आलमबाग बस अड्डे को खाली करने की समीक्षा हुई। प्रमुख सचिव ने आलमबाग बस अड्डे को तत्काल खाली करने का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद परिवहन निगम अफसरों ने बसों को चारबाग के पुराने बस अड्डे पर शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।