लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने फाइनल ईयर का अधिकतम कोर्स ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बीटेक आठवें सेमेस्टर की पूरी पढ़ाई ऑनलाइन होगी। वहीं, सातवें सेमेस्टर का 50 फीसदी कोर्स ऑनलाइन पूरा किया जाएगा।
यह निर्णय मंगलवार को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में हुई विद्या परिषद की बैठक में लिया गया। इस निर्णय से अंतिम वर्ष के छात्रों को इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट कार्य, इंडस्ट्री में काम करने और सिविल सर्विसेस, गेट आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का पूरा अवसर मिलेगा। मूक्स के जरिये छात्र सुविधानुसार कोर्स कर सकेंगे। इसी क्रम में आल इंडिया काउंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) के अनुसार अधिकतम 40 क्रेडिट के कोर्स मूक्स के जरिये चलाने का भी निर्णय लिया गया है।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि मूक्स पर ज्यादातर कोर्स उद्योग आधारित और रोजगारपरक हैं। हालांकि, इनकी परीक्षा विश्वविद्यालय लेगा। इसका क्रेडिट भी छात्र के परिणाम में जुड़ेगा। बैठक में प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, आईईटी निदेशक प्रो. विनीत कंसल, सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के निदेशक प्रो. वीरेंद्र पाठक डीन यूजी प्रो. अनुराग त्रिपाठी, डीन पीजी प्रो. सीतालक्ष्मी, डीन यूपीटीएसी प्रो. ओपी सिंह आदि उपस्थित थे।