लखनऊ। प्रदेश में उद्यमिता और नवाचार बढ़ाने के लिए चल रही कवायद के बाद अब शासन प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में भी इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करेगा। शासन के निर्देश पर बुधवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के इनोवेशन हब ने प्रदेश के 100 पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्राचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठक की।
बैठक में इनोवेशन हब के एसोसिएट डीन डॉ. अनुज कुमार शर्मा और हेड महीप सिंह ने प्राचार्यों को बताया कि किस प्रकार इन केंद्रों की स्थापना की जाएगी। इनोवेशन हब की स्थापना और छात्रों के नवाचार को आगे बढ़ाने में किस तरह का सहयोग करेगा। इसके साथ ही स्टार्टअप को मिलने वाली सुविधाओं, वित्तीय मदद, योजनाओं की भी जानकारी दी गई। डॉ. अनुज ने बताया कि हर जिले में दो-दो इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इससे प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवाचार और स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा। बैठक में निदेशालय तकनीकी शिक्षा डॉ. एफआर खान, इनोवेशन हब की वंदना शर्मा, रितेश सक्सेना आदि मौजूद रहे।