लखनऊ। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद नौकरी या स्वरोजगार की ओर बढ़ रहे छात्रों को शोध की राह पर लाने के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) आर्थिक प्रोत्साहन बढ़ाने की तैयारी में है। विश्वविद्यालय होमी भाभा टीचिंग असिस्टेंट कम रिसर्च फेलोशिप के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति को 40 हजार से बढ़ाकर 60 हजार रुपये करने जा रहा है। इसके साथ ही योजना का दायरा भी बढ़ेगा और लाभार्थियों की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 की जाएगी। नई व्यवस्था को सत्र 2026-27 से लागू करने की तैयारी है।
इंजीनियरिंग में स्नातक के बाद पीजी और शोध की ओर छात्रों का रुझान अपेक्षाकृत कम है। अधिकांश छात्र स्नातक के बाद ही नौकरी या स्वरोजगार की ओर चले जाते हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय शोधार्थियों की संख्या बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर आर्थिक सहयोग देने पर भी जोर दे रहा है। इसी क्रम में शुरू की गई होमी भाभा टीचिंग असिस्टेंट कम रिसर्च फेलोशिप को अब और प्रभावी बनाने की कवायद की जा रही है।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि योजना के तहत छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति जल्द ही 40 से बढ़ाकर 60 हजार रुपये की जाएगी। वहीं, अभी तक 50 छात्रों को मिलने वाला लाभ अब 100 छात्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसे नए सत्र 2026-27 से लागू किया जाएगा।
बता दें कि होमी भाभा शोध छात्रवृत्ति के लिए चयनित शोधार्थी आठ लेक्चर भी लेते हैं। वहीं, संविदा शिक्षकों को प्रति लेक्चर मानदेय दिया जाता है। ऐसे में छात्रवृत्ति की राशि बढ़ने से शोधार्थियों को आर्थिक रूप से बेहतर सहयोग मिलेगा और वे कक्षाओं की जिम्मेदारी भी बेहतर तरीके से निभा सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से जल्द ही इससे संबंधित प्रस्ताव निर्धारित संस्थाओं से पास कराकर लागू किया जाएगा।
नए सत्र के प्रवेश आवेदन शुरू
विश्वविद्यालय में पीएचडी के पहले चरण के लिए प्रवेश आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत कैटेगरी ए और कैटेगरी बी में आवेदन मांगे गए हैं। कैटेगरी ए में गेट, नेट आदि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा क्वाॅलीफाई करने वाले अभ्यर्थियों को लिखित प्रवेश परीक्षा से छूट दी जाएगी। उनका प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। हालांकि, यदि उन्होंने होमी भाषा फेलोशिप के लिए आवेदन किया तो उन्हें प्रवेश परीक्षा देनी होगी। वहीं, कैटेगरी बी में अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं, जिन्हें आवेदन के बाद प्रवेश परीक्षा में शामिल होना होगा। प्रवेश के लिए आवेदन पांच अगस्त तक किए जा सकेंगे।