लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का दीक्षांत समारोह सात जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इसमें फाइनल ईयर के छात्रों को डिग्री व मेडल दिए जाएंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्र के युवाओं को भी सम्मानित व पुरस्कृत किया जाएगा। जनभवन से दीक्षांत समारोह की तिथि तय करने के साथ ही विश्वविद्यालय में इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि विवि की ओर से बतौर मुख्य अतिथि दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए सीडीएस राजा सुब्रमणि व इसरो के चेयरमैन डॉ. वी नारायणन से संपर्क किया गया है। जल्द ही इसमें से किसी का कार्यक्रम फाइनल हो जाएगा।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों के लिए कमेटियों का गठन किया गया है। जल्द ही इनकी बैठक भी की जाएगी। वहीं इनोवेशन हब की ओर से एकेटीयू स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड के लिए भी नामांकन मांग लिए गए हैं। दीक्षांत समारोह में पांच क्षेत्रों में यह अवाॅर्ड दिए जाते हैं। इनोवेशन हब के सीईओ महीप सिंह ने सभी संबद्ध कॉलेजों के निदेशक को पत्र भेजकर इसके लिए 20 जून तक नामांकन कराने को कहा है।