लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने बीटेक और बीफार्मा लेटरल एंट्री कोर्स के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। जिन डिप्लोमा अभ्यर्थियों का अंतिम वर्ष का परिणाम घोषित नहीं हुआ है, वे अब शर्तों के साथ मुख्य चरण की काउंसिलिंग में भाग ले सकेंगे। विवि प्रशासन ने बताया कि सीयूईटी यूजी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी उसी रैंक के आधार पर काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं। काउंसिलिंग में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का डिप्लोमा 5वें सेमेस्टर तक पूरी तरह पास होना अनिवार्य है। पहले से 5वें सेमेस्टर तक किसी भी विषय में कोई बैक नहीं होनी चाहिए। पंजीकरण या संस्थान में रिपोर्टिंग के दौरान सभी पूर्व सेमेस्टर का उत्तीर्ण अंकपत्र प्रस्तुत करना होगा। एकेटीयू ने बीटेक, एमटेक इंटीग्रेटेड और बीडेस प्रथम वर्ष के अभ्यर्थियों के पहले चरण का सीट कंफर्मेशन शुल्क जमा करने की तिथि भी बढ़ा दी है। यह शुल्क अब 22 जुलाई तक जमा किया जा सकेगा।