लखनऊ। एकेटीयू व संबद्ध संस्थानों के वर्तमान छात्रों का, विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र व इंडस्ट्री के विशेषज्ञ मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही यहां के विद्यार्थियों को आज की जरूरत के अनुसार अपडेट ऑनलाइन कोर्स निशुल्क करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए मंगलवार को प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने मेंटर-मेंटी व ट्रेनिंग कोर्स पोर्टल लाॅन्च किया।
विश्वविद्यालय में आयोजित टीपीओ संवाद कार्यक्रम में पोर्टल लाॅन्च करते हुए उन्होंने बताया कि विद्यार्थी इस पोर्टल में खुद को रजिस्टर करें। यहां पर उनका पूर्व छात्र व इंडस्ट्री विशेषज्ञ के साथ जोड़ा बनेगा और उन्हें कॅरिअर को लेकर मार्गदर्शन मिलेगा। इसी तरह एकेटीयू ने जिन कंपनियों से एमओयू किया है और पहले एमओयू हुए हैं। उनके ऑनलाइन कोर्स विद्यार्थी पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराकर निशुल्क पूरा कर सकेंगे।
इस अवसर पर आशीष पटेल ने कहा कि हमें समय के साथ खुद में बदलाव लाते रहना चाहिए। जरूरी है कि छात्रों को इंडस्ट्री की मांग के अनुसार तैयार किया जाए। उन्होंने अच्छा प्लेसमेंट कराने वाले संस्थानों को प्रोत्साहन राशि देने का भी सुझाव दिया। प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा एम. देवराज ने कहा कि छात्रों को उद्योगों का भ्रमण भी कराना चाहिए। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. जेपी पांडेय, प्रति कुलपति प्रो. मनीष गौड़, वित्त अधिकारी सुशील गुप्ता, प्रो. वंदना सहगल, डॉ. आरसीएस चौहान, डॉ. अनुज शर्मा, डॉ. आयुष श्रीवास्तव, प्रतिभा शुक्ला आदि मौजूद रहे।
कंपनियों के साथ हुआ एमओयू
कार्यक्रम में एचसीएल एंड गुवी, टीसीएफएस, सॉफ्ट प्रो, नैस्कॉम और एलएंडटी के साथ विवि ने एमओयू किया। कंपनियों के अधिकारियों और कुलसचिव रीना सिंह के बीच एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। ये कंपनियां छात्रों को समय-समय पर प्रशिक्षण देंगी। वहीं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिॉनिक्स इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी गोरखपुर के साथ हुए एमओयू में पांच दिन का निशुल्क इंस्ट्रक्टर लेड ऑनलाइन साइबर सिक्योरिटी जागरूकता कार्यक्रम भी छात्रों के लिए होगा।
जनवरी में लगेगा मेगा जॉब फेयर
मंत्री आशीष पटेल ने घोषणा की कि विवि की ओर से जनवरी में मेगा जॉब फेयर लगेगा। इसमें 50 से अधिक कंपनियां छात्रों का प्लेसमेंट करेंगी। इसमें प्रदेश भर के संबद्ध संस्थानों के छात्र भी शामिल होंगे। वहीं फरवरी 2024 में एचआर कॉन्क्लेव का भी आयोजन होगा।