लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) नए सत्र 2026-27 से अपने यहां 60 सीटों पर बीबीए कोर्स में प्रवेश लेने जा रहा है। वहीं एमबीए कोर्स पहले से चल रहा है। इस क्रम में इन कोर्सों के अप्रूवल के लिए ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) की ओर से ऑनलाइन निरीक्षण किया गया।
एआईसीटीई के अधिकारियों व विशेषज्ञों ने विश्वविद्यालय की ओर से एमबीए के छात्रों के लिए इस्तेमाल में लाई जा रही लाइब्रेरी, क्लास रूम आदि सुविधाओं का निरीक्षण किया। बीबीए कोर्स के लिए की जा रही तैयारी भी देखी। विवि में लगभग तीन वर्ष से एमबीए कोर्स चल रहा है लेकिन इसके लिए एआईसीटीई का अप्रूवल नहीं लिया गया था।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि एआईसीटीई का निरीक्षण बेहतर रहा है। जल्द इसका अप्रूवल मिल जाएगा। विश्वविद्यालय अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रहा है। इसकी बानगी डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट में देखी जा सकती है। लाइब्रेरी के लिए चार फ्लोर की बिल्डिंग इस्तेमाल में लाई जा रही थी। इसमें दो फ्लोर में एमबीए व बीबीए कोर्स को शिफ्ट किया गया है। बाकी दो फ्लोर में लाइब्रेरी है।