एकेटीयू: पहले चरण में 4345 विद्यार्थियाें को सीट आवंटित
लखनऊ। प्रदेश के फार्मेसी संस्थानों व तीन विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए पहले चरण का सीट आवंटन थोड़ा राहत भरा रहा है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से जारी पहले चरण के सीट आवंटन में 4345 विद्यार्थियाें को सीट मिली है। यह संख्या पिछले दो सालों की काउंसलिंग से हुए प्रवेश से ज्यादा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पहले चरण की काउंसिलिंग में 4620 विद्यार्थियाें ने चॉइस भरी थीं। इसमें से 4345 को सीटें अलॉट की गई हैं। इसमें एकेटीयू कैंपस स्थित फॉर्मेसी संकाय में 125 में से 117 सीट, लखनऊ विश्वविद्यालय में 110 में से 89, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में 66 में 53, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 66 में 54 सीटें अलॉट की गई हैं।
वहीं बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में 75 में 71 सीटें आवंटित की गई है। प्रवेश समन्वयक प्रो. ओपी सिंह ने बताया कि 26 अक्तूबर तक अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क जमाकर अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं। या इसके अगले चरण के लिए भी बढ़ा सकते हैं। जबकि अगले चरण की चॉइस फिलिंग 27 अक्तूबर से शुरू होगी। इसमें छूटे हुए विद्यार्थियाें को सीटें अलॉट की जाएंगी।
पिछले साल काउंसिलिंग से 2988 प्रवेश
एकेटीयू प्रशासन के अनुसार 2023 में काउंसलिंग से 2816 व 2024 में 2988 सीट भरी गई थीं। जबकि इस साल पहले ही चरण में 4345 सीटें आवंटित हुई हैं। हालांकि इसमें से प्रवेश लेने वालों की संख्या आगे आएगी। एकेटीयू से संबद्ध प्रदेश के 410 फार्मेसी संस्थानों में 30 हजार से ज्यादा सीटें हैं। इसके लिए अपेक्षाकृत काफी कम अभ्यर्थी प्रवेश काउंसिलिंग में शामिल हुए हैं। इसे लेकर एकेटीयू प्रशासन की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।