लखनऊ। आकृति तिवारी, राहुल यादव, रौनक पाल, वैष्णवी श्रीवास्तव, शिवा यादव और अनुष्का शर्मा ने जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-16 जैवलिन थ्रो में आकृति और राहुल, 80 मीटर हर्डल में रौनक और वैष्णवी, शॉट पुट में शिवा और अनुष्का ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में लखनऊ के विभिन्न स्कूलों और खेल मैदानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में ट्रायथलॉन-ए बालिका वर्ग में अरुणिमा, ट्रायथलॉन-सी बालक वर्ग में रणवीर सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। ट्रायथलॉन-सी बालिका वर्ग में रेजीना पहले स्थान पर रहीं। ट्रायथलॉन-बी बालिका वर्ग में सुप्रिया यादव, 80 मीटर हर्डल के बालक वर्ग में रौनक पाल ने स्वर्ण पदक जीता। 80 मीटर हर्डल बालिका वर्ग में वैष्णवी श्रीवास्तव को स्वर्णिम सफलता मिली। 60 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में गौरव यादव, बालिका वर्ग में मानसी बिंद, लंबी कूद बालिका वर्ग में अंजलि रावत पहले स्थान पर रहीं। समापन समारोह में शुक्रवार को मुख्य अतिथि भारतीय खेल प्राधिकरण सेंटर की पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रचना गोविल ने खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव बीआर वरुण, पूर्व एथलीट हरीश पाल, कामता सिंह और प्रभा शंकर समेत कई अन्य मौजूद रहे।