फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साइकिल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बड़ा ऐलान

Sun, 27 Sep 2015 02:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल चलाने वालों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए सरकारी जमीन मुहैया कराई जाएगी। राजधानी में साइकिल ट्रैक बनाने के लिए डीएम निवास की बाउंड्री वॉल पीछे की जाएगी। उन्होंने साइकिल उद्योग के सभी सुझावों को मानने का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री शनिवार को यहां मोती महल लॉन में राष्ट्रीय साइकिल ट्रेड फेयर-2015 के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब हमने गली-मोहल्लों में साइकिल से पुलिस गश्त की बात कही तो कई लोगों ने कमेंट किया। अब गुड़गांव (हरियाणा) में पुलिस अफसर साइकिल चला रहे हैं तो चर्चा हो रही है।

उन्होंने कहा कि दुनिया के जिन देशों ने तरक्की की है, वे भी साइकिल को बढ़ावा दे रहे हैं। अपने यहां शहरीकरण के समय साइकिल ट्रैक की प्लानिंग नहीं हुई। सपा सरकार ने साइकिल ट्रैक को पॉलिसी में शामिल कर लिया है। बजट में इसके लिए धन का प्रावधान किया जाएगा।
विज्ञापन


नई कॉलोनियों में सड़क के किनारे पैदल यात्रियों के साथ ही साइकिल चलाने की व्यवस्था की जाएगी। लखनऊ और आगरा को साइकिल फ्रेंडली शहर के रूप में विकसित करने का फैसला किया गया है।

'साइकिल चलाकर बना ली सरकार'

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल आवागमन का सस्ता व सुलभ साधन होने के साथ ही पर्यावरण प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, ऊर्जा संकट तथा नुकसानदेह जीवन शैली से जूझ रहे समाज के लिए विकास का रास्ता भी है।

उन्होंने साइकिल उद्योग से जुड़े लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों पर सरकार को जो भी फैसला लेना पड़ेगा, लिया जाएगा। साइकिल उद्यमी शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि यूपी, देश का पहला राज्य है जहां साइकिल वैट मुक्त है।

इस मौके पर राजनीतिक पेंशन मंत्री और साइकिल उद्योग से जुड़े लोग मौजूद थे। ट्रेड फेयर 27 सितंबर चक चलेगा।

साइकिल चलाकर सरकार बना ली
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसी को साइकिल चलाने में शर्म नहीं आएगी। हमने तो साइकिल चलाकर सरकार बना ली। सपा सरकार ने विकास में संतुलन बनाया है।

मेट्रो चला रहे हैं तो साइकिल ट्रैक भी बनवा रहे हैं। कामधेनु डेयरी लगवाई हैं तो लैपटॉप भी बंटवाए हैं। एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं तो मंडियां भी खोलेंगे।
विज्ञापन

भाजपा पर निशाना, खाई पैदा करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि काम से मुकाबला करेंगे तो सपा से बेहतर कोई सरकार नहीं है। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना सचेत किया कि कुछ लोग हमेशा चाहेंगे कि समाज में खाई पैदा हो। वे लोगों को गुमराह करने की कोशिश करेंगे ताकि भावुक होकर वे दूसरी जगह चले जाएं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

हमारे सिद्धांतों, नीतियों से जुड़ेंगे कपूर
समारोह में मंच पर किदवईनगर (कानपुर) से कांग्रेस विधायक अजय कपूर भी थे। सीएम ने कहा, उन्हें मालूम नहीं था कि कपूर साइकिल कारोबारी भी हैं। वे सदन में हमारे साथी हैं।

उम्मीद है, साइकिल के सिद्धांतों और नीतियों के करीब भी आएंगे। भले ही यह सीएम की हल्की-फुल्की टिप्पणी थी लेकिन माना जा रहा है कि उन्होंने कपूर को सपा में आने का न्यौता दे दिया।

साइकिलों की ली जानकारी
ट्रेड फेयर का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने नामचीन कंपनियों की स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने कई साइकिलों के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने साइकिल पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों की स्टॉल भी देखी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें