मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार व पार्टी के खिलाफ हो रहे दुष्प्रचार का क़ड़ा जवाब देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के लोगों को अब दुष्प्रचार के खिलाफ चुप नहीं बैठना चाहिए।
इससे लोगों में सरकार के कामकाज को लेकर भ्रम फैलता है। वह शुक्रवार को यहां पार्टी के जिला व महानगर अध्यक्षों व महामंत्रियों से बातचीत कर रहे थे।
चुनाव के मद्देनजर लिया फीडबैक: मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने आज प्रदेश के पश्चिमी जिलों से आए जिलाध्यक्षों व महामंत्रियों से संबंधित जिले में विधानसभा की विभिन्न सीटों से चुनाव लड़ने वाले दावेदारों के बारे में फीडबैक लिया।
बृहस्पतिवार की ही तरह उन्होंने पूछा कि मौजूदा विधायकों, मंत्रियों को यदि चुनाव में उतारा जाए तो क्या स्थिति होगी। उनके अलावा क्षेत्रों में और कौन से दावेदार हैं? उनके जिले की विधानसभा सीटों से कौन से प्रत्याशी ज्यादा बेहतर चुनाव लड़ सकते हैं। उन सीटों के बारे में भी जानकारी ली गई जहां से सपा के विधायक नहीं हैं।