सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार किए गए छात्रों और युवाओं को रिहा किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार गिरफ्तार किए गए छात्रों और युवाओं को रिहा करे। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने अंत से डरती है वो अन्याय का सहारा लेती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि कौन नहीं जानता है कि चुनाव आयोग भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहा है। चुनाव आयोग का काम है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों के वोट पड़ें पर आयोग वोट काट रहा है। यह पहली बार है जब हम देख रहे हैं कि लोगों को वोट करने से रोका जा रहा है। उनके नाम काटे जा रहे हैं।
उन्होंने फिर से याद दिलाते हुए कहा कि जो हस्ताक्षर करना नहीं जानते थे उनके साइन बनाकर फॉर्म 7 भरवाया गया और लोगों के वोट काटे गए। नियम कहता है कि एक व्यक्ति पांच से ज्यादा फॉर्म 7 नहीं भर सकता है उनसे 100 से जयादा फॉर्म भरवाकर वोट काटे गए। उपचुनाव में लोगों ने देखा कि पुलिसवालों को सादे कपड़े पहना कर फर्जी वोट डलवाए गए हैं। हमने ऐसी तस्वीरें भी देखी हैं उपचुनाव में जिसमें एक अधिकारी रिवॉल्वर लेकर महिलाओं को वोट न करने की धमकी दे रहा है।