विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आता जा रहा है, सभी दलों में दलित वोटों को अपने पाले में करने की होड़ मच गई है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर मंगलवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी अनुसूचित जाति या जनजाति के अधिकारी-कर्मचारी का डिमोशन नहीं होने देगी।
न ही उनके वेतन में कोई कमी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण के मामले पर कैबिनेट बैठक में कोई न कोई रास्ता जरूर निकाल लिया जाएगा।
अंबेडकर महासभा के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने जब उनसे एससी-एसटी कर्मचारियों की पदावनति का मामला उठाया तो अखिलेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना से बचने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी है लेकिन किसी भी अधिकारी-कर्मचारी का अहित नहीं होने दिया जाएगा।