समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
महाराष्ट्र के नासिक से ट्रेनों से रविवार सुबह लखनऊ पहुंचे 847 लोगों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों से उनके जिलों को रवाना कर दिया गया। इस दौरान यात्रियों से ट्रेन के टिकट के पैसे लेने को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शर्मनाक बताया है।
उन्होंने रविवार को दो ट्वीट किए। उन्होंने कहा कि ट्रेन से वापस घर ले जाए जा रहे गरीब, बेबस मजदूरों से भाजपा सरकार द्वारा पैसे लिए जाने की ख़बर बेहद शर्मनाक है। आज साफ हो गया है कि पूंजीपतियों का अरबों माफ करने वाली भाजपा अमीरों के साथ है और गरीबों के खिलाफ। उन्होंने कहा कि विपत्ति के समय शोषण करना सूदखोरों का काम होता है, सरकार का नहीं।
एक अन्य ट्वीट में अखिलेश ने कहा कि अब तो भाजपा के आहत समर्थक भी ये सोच रहे हैं कि अगर समाज के सबसे गरीब तबके से भी घर भेजने के लिए सरकार को पैसे लेने थे तो पीएम केयर्स फंड में जो खरबों रुपया तमाम दबाव व भावनात्मक अपील करके डलवाया गया है उसका क्या होगा? अब तो आरोग्य सेतु एप से भी इस फंड में 100 रुपये वसूलने की ख़बर है।