यूपी के सीएम अखिलेश यादव का कहना है कि नोटबंदी के कारण हो रही दिक्कतों से जनता गुस्से में है। 2017 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार जनता को परेशान करती है, जनता उसे जवाब देती है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ के होटल ताज में आयोजित एक निजी चैनल के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद केंद्र सरकार ई-ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने को कह रही है, पर लोगों को लैपटॉप देने का काम समाजवादी सरकार ने किया है। अभी लैपटॉप दिया है आने वाले वक्त में हम स्मार्टफोन देंगे। इसके लिए अब तक एक करोड़ लोग पंजीकरण करा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जनता मन बना चुकी है। समाजवादी सरकार ने जो भी वादे किए हैं, वो पूरा किया। हमने जितने विकास के काम किए हैं, उससे जनता मन बना चुकी है कि प्रदेश में फिर से समाजवादी सरकार आए।
कांग्रेस से गठबंधन पर सीएम अखिलेश ने कहा कि यह फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेना है। मैं सिर्फ सुझाव दे सकता हूं। मैंने कहा कि अगर गठबंधन होता है तो हम मिलकर 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे, अगर गठबंधन नहीं भी होता तो भी हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।