सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जुमलेबाजी से ध्यान भटकाने की स्किल में पारंगत भाजपा सरकार ने करोड़ों युवाओं की संभावनाओं, प्रतिभाओं और उम्मीदों को निराश किया है। प्रदेश में पूंजीनिवेश केवल कागजों पर एमओयू में आया है। जमीन पर एक भी उद्योग नहीं लगा। मनरेगा में खुदाई का काम भी डिग्रीधारक युवकों के लिए रोजगार की तरह प्रचारित किया जा रहा है। पढ़े-लिखे नौजवानों के साथ इससे बड़ा छल और धोखा क्या होगा?
अखिलेश ने बृहस्पतिवार को कहा कि युवाओं का भविष्य अंधेरे में है। रोजगार के अवसर न तो सृजित हो रहे हैं और न ही इसकी संभावनाएं हैं। भाजपा सरकार नौजवानों के सपनों को तोड़ने वाली सरकार साबित हो रही है। कई करोड़ रोजगार बांटने का दावा करने वाली भाजपा ये आंकड़े देने से क्यों घबराती है कि किस क्षेत्र में किसे, कितना रोजगार दिया? झूठे दावों की पोल न खुले, इसलिए मुख्यमंत्री तुकबंदी में प्रधानमंत्री को शामिल करने में संकोच नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों को राहत पहुंचाने के लिए श्रमिकों की सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित प्रावधान श्रम कानूनों से हटा दिए हैं। उनका दिहाड़ी वेतन घटा दिया है। श्रमिक अब मालिकों का बंधुआ बन कर रह जाएगा। भाजपा, गरीबों, कमजोर वर्ग के हितों की रक्षा की जगह उनमें असुरक्षा पैदा करती है।
हवाई चप्पल वालों की हवाई जहाज से वापसी करें
सपा अध्यक्ष ने कहा कि एक चीनी कंपनी द्वारा मलेशिया में, प्रदेश के कई जिलों के श्रमिकों को प्रताड़ित करने की खबरें आई हैं। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों को वहां की सरकार और दूतावास से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रयास करने चाहिए। मलेशिया में उत्तर प्रदेश के 35 लोग हैं। हवाई चप्पल वालों को भी हवाई जहाज से घर वापसी का अधिकार मिलना चाहिए।