यूपी में चुनाव के नतीजे आने के बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा, उम्मीद है कि नई सरकार सपा से बेहतर काम करेगी। हमें लोकतंत्र का फैसला मंजूर है। उन्होंने कहा है कि बसपा की नेता ने अगर ईवीएम पर सवाल उठाया है तो उस पर भी सोचना चाहिए।
अखिलेश ने कहा, जो काम हमने किया शायद जनता को उससे भी ज्यादा की उम्मीद थी। उन्होंने कहा, शायद जनता को हमारा एक्सप्रेस-वे पसंद नहीं आया शायद उसे बुलेट ट्रेन चाहिए। उन्होंने कहा, जैसा कि बीजेपी ने वादा किया था, अब पहली कैबिनेट में उन्हें किसानों का कर्ज भी माफ कर देना चाहिए।
अखिलेश से जब चाचा शिवपाल के बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, हमारा व्यवहार तो आप जानते ही हैं वह शायद हमारी परछाई की बात कर रहे होंगे। बता दें कि शिवपाल यादव ने आज नतीजे आने के बाद कहा था कि सपा नहीं ये घमंड की हार है।
अखिलेश ने कहा, हमारी सभाओं में तो बहुत भीड़ रहती थी लेकिन लगता है सब मोबाइल लेकर देखने आते थे वोट नहीं दिया। अखिलेश ने कहा, राजनीति में कब क्या हो जाए भरोसा नहीं मैं समीक्षा करने के बाद ही कुछ तय करूंगा। उन्होंने कहा, मैं समझ चुका हूं कि समझाने से नहीं बहकाने से वोट मिलता है। कांग्रेस अलाइंस पर उन्होंने कहा कि हमें फायदा हुआ है, ये दो नेताओं का गठबंधन है।