समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गांधी जयंती पर हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम पहुंचे। चरखा चलाया और बधाई दी। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सेवा का रास्ता दिखाया और बताया कि इच्छा शक्ति हो तो कुछ भी पाया जा सकता है। भारत के लोगों को खास कर ग्रामीण भारत को जगाया। राष्ट्रपिता बापू ने कहा था कि जब तक हम खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा नहीं देंगे तब तक स्वावलंबी नहीं बन सकते है।
उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह) यहीं पर मुझे पहली बार खादी आश्रम लेकर आये और कुर्ता पहनने का मौका दिया तब से आज तक हमने कोई दूसरा कपड़ा नहीं पहना। अखिलेश यादव ने कहा कि आज जिन कम्पनियो ने 5 जी लांच किया है उस कम्पनी में गांवों के कितने लोगों को रोजगार मिलेगा?
उन्होंने कहा कि आज जिन कंपनियों को 5 जी लगाने का मौका दिया गया वो कंपनियां पहले से ही मुनाफे पर हैं। उन्होंने मांग की है कि खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा दिया जाए। हम लोग सरकार में नहीं हैं पर सदन में सरकार को याद दिलाते रहेंगे और ज्यादा से ज्यादा छूट मिले इसके लिए सरकार को बताते रहेंगे।
कानपुर की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर का इस्तेमाल करते हैं। यूपी में कई जगह घटनाएं हुई हैं। मैं अपील करता हूं कि जब ट्रैक्टर से चलें तो स्पीड कम रखें। सरकार से अपील है कि सरकार ज्यादा से ज्यादा मदद करे। सपा की मांग है कि कानपुर में हुई दुर्घटना में मृतक परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद करें।