किसानों की जमीन कब्जाने के आरोप में सांसद आजम खां और पूर्व सीओ आलेहसन के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा सींगनखेड़ा के आलियागंज गंज निवासी कल्लन की तहरीर पर लिखा गया है।
मामला ग्राम मझरा आलियागंज का है। गांव निवासी कल्लन का कहना है कि भूमि संख्या 1230 उनके नाम दर्ज है। आरोप है कि सांसद आजम खां ने सपा सरकार के दौरान जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाया था। बैनामा न कराने पर तत्कालीन सीओ आलेहसन ने उन्हें अजीमनगर थाने में बंद कर दिया था। करीब दस से पंद्रह घंटे तक बंद रखा।
जमीन का बैनामा न कराने जबरन जौहर यूनिवर्सिटी में मिला ली गई और जमीन पर कब्जा कर दिया। वहां जाने की कोशिश की तो डरा धमकाकर भगा दिया जाता था। पूर्व सीओ ने स्मैक के मुकदमे लगाने के नाम पर धमकाया। इसको लेकर उन्होंने अजीमनगर थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने सांसद आजम खां एवं पूर्व सीओ आलेहसन के खिलाफ आईपीसी की धारा 342, 384, 447, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन प्रकरण में दर्ज हो चुके हैं पांच मुकदमे
सांसद आजम खां एवं पूर्व सीओ आलेहसन पर आलियागंज की जमीन प्रकरण में अब तक पांच मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। यासीन, बंदे, मोहम्मद अहमद रिपोर्ट दर्ज करा चुके हैं। एक मुकदमा राजस्व निरीक्षक की ओर से दर्ज कराया गया है। अब कल्लन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।