मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सक्रियता से बरेली पुलिस ने मंगलवार रात हरिद्वार से राजधानी आ रही लालबत्ती लगी एक स्कॉर्पियो कार में करोड़ों रुपयों से भरे तीन बैग जब्त कर लिए। तीन छोटे थैलों में भी नोट भरा था, जबकि तीन बैग में कागजात रखे हुए थे।
सीएम को वॉट्सएप पर खबर मिली थी कि कार में भारी मात्रा में कैश लाया जा रहा है। उन्होंने अफसरों को वॉट्सएप से इसकी तत्काल सूचना दी। सीएम का मैसेज देखते ही अफसर सक्रिय हो गए। राजधानी से हरिद्वार के रूट के सभी जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया गया। बरेली पुलिस ने दो कारें चिह्नित कीं।
तब बरेली पुलिस ने 70 किमी पीछा कर इन्हें पकड़ा। स्कॉर्पियो हरिद्वार की जिला पंचायत अध्यक्ष अंजुम बेगम की है और उसमें उनके जेठ पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद गनर के साथ बैठे थे। इसी गाड़ी में नोटों से भरे चार बैग मिले। दूसरी कार में प्रॉपर्टी डीलर सत्तार बैठा था।
बरेली पुलिस मो. शहजाद, जिला पंचायत अध्यक्ष के गनर और प्रॉपर्टी डीलर सत्तार को लेकर एसएसपी के ऑफिस पहुंची। शुरुआती पूछताछ के बाद सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। इनकम टैक्स विभाग के अफसरों को बुलवाया गया। आधी रात तक अफसर नोटों की गिनती करते रहे। देर रात तक एक करोड़ रुपये तक के नोट की गिनती हो चुकी थी।
सीएम के मैसे 5 मिनट में हरकत में आ गए अफसर
वॉट्सएप पर सीएम के मैसेज करते ही पांच मिनट में सूबे की पूरी मशीनरी हरकत में आ गई। सीएम का मैसेज तुरंत पुलिस अफसरों को भेजा गया। यहां से मेरठ, बरेली, आगरा जोन के अफसरों को ‘ऑल अलर्ट’ लिखकर मैसेज फाॅरवर्ड कर दिया गया। मैसेज मिलते ही पुलिस अफसरों ने सड़कों पर नाकाबंदी करके लालबत्ती स्काॅर्पियो की तलाश शुरू कर दी। अंतत: बरेली पुलिस ने फतेहगंज पूर्वी थाना के बैरियर पर दोनों कारों को रोक लिया।
मुख्यमंत्री के व्हाट्स एप पर हरिद्वार की जिला पंचायत अध्यक्ष और प्रॉपर्टी डीलर की कारों में हथियार और करोड़ों रुपये की खेप लखनऊ आने की अपुष्ट सूचना से पुलिस अफसर अचानक हरकत में आ गए। सूचना पर फतेहगंज पश्चिमी से पुलिस ने दोनों कारों का 70 किमी तक पीछा कर फतेहगंज पूर्वी पर पकड़ा जा सका।
मंगलवार की रात आठ बजे के करीब को मुख्यमंत्री सचिवालय से बरेली के आला अफसरों के पास सूचना आयी कि गाड़ी संख्या यूके 08 एसी 7000 और यूके 08 वाई 9941 बरेली से गुजरने वाली हैं। सूचना मिली है कि इन गाड़ियों में करोड़ों रुपये ले जाए जा रहे हैं।
तुरंत ही बरेली के इंट्री प्वाइंट पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को सतर्क कर दिया गया। इसके साथ ही हाईवे से जुड़े थानों में वायरलेस और मोबाइल घनघनाने लगे। आईजी, डीआईजी ने एसपी सिटी समीर सौरभ को कारों के पीछे दौड़ा दिया। दो लग्जरी गाड़ियों का पीछा करके पुलिस ने फतेहगंज पूर्वी में पकड़ लिया।
दोनों गाड़ियों में सात लोग सवार थे। रात करीब दस बजे इन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया। पहले बैगों की संख्या चार बतायी गई थी लेकिन बाद में बड़े बैग तीन ही थे। गनर समेट सभी आठों लोगों को फिलहाल हिरासत में रखा गया है।