एक ओर मुलायम सिंह यादव दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव ने अहम बैठक बुलाई। खबर है कि एमएलसी उदयवीर सिंह सहित सभी बर्खास्त नेताओं की आज वापसी हो सकती है। बता दें कि सपा संग्राम की शुरुआत होने पर जब अखिलेश को अध्यक्ष पद से हटाया गया था विरोध में यूथ विंग ने जमकर प्रदर्शन किया था।
इस प्रदर्शन में उन्होंने मुलायम और शिवपाल के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। उस वक्त सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने युवाजन सभा, लोहियावाहिनी, मुलायम ब्रिगेड और छात्रसभा के अध्यक्षों सहित सात युवा नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त कर दिया था।
निकाले गए नेताओं में सुनील सिंह यादव (एमएलसी), आनंद भदौरिया (एमएलसी), मो एबाद (प्रदेश अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड), बृजेश यादव प्रदेश अध्यक्ष युवजन सभा, संजय लाठर (एमएलसी), गौरव दुबे राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड, दिग्विजय सिंह देव प्रदेश अध्यक्ष छात्रसभा शामिल थे।
एक जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अखिलेश यादव ने सोमवार की दोपहर 11 बजे विधायकों की बैठक बुलाई है। इधर मुलायम सिंह और शिवपाल सिंह बैठक के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं। खबरें ये भी हैं कि पार्टी सिंबल के लिए वह सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं।