मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 26 सितंबर को अपने मंत्रिमंडल का आठवां विस्तार करेंगे। इस विस्तार में हाल ही में बर्खास्त किए गए गायत्री प्रजापति व राज किशोर सिंह के साथ 27 जून को सातवें विस्तार में शपथ न ले पाने वाले जियाउद्दीन रिजवी को भी शपथ दिलाई जा सकती है।
कुछ राज्यमंत्रियों का कद बढ़ाते हुए प्रमोशन भी किया जा सकता है। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर राज्यपाल राम नाईक ने 26 सितंबर को दोपहर 12 बजे शपथ ग्रहण का वक्त तय किया है। राजभवन के गांधी सभागार में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ ग्रहण की तारीख तय होते ही सत्तारूढ़ दल में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बीतें दिनों सरकार और समाजवादी पार्टी में खड़े हुए बवंडर को शांत करने के लिए जो फॉर्मूला तैयार कराया गया था, उसमें गायत्री को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल करना भी था। सूत्रों की मानें तो गायत्री के साथ-साथ राज किशोर की भी टीम अखिलेश में वापसी हो सकती है।