समाजवादी चिंतक डॉ.राम मनोहर लोहिया की रविवार को पुण्यतिथि लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों में मनाई गई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजधानी के लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि लोहिया ने गैरबराबरी, भेदभाव, नाइंसाफी और शोषण के खिलाफ जीवनपर्यंत संघर्ष किया।
भाजपा के लोग बातों से स्वदेशी और मन से विदेशी हैं। भाजपा बात स्वदेशी की करती है, लेकिन विदेशी कंपनियों को बुलाकर पूरा बाजार उन्हें सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अपना व्यापार बचाना है और स्वदेशी अपनाना है तो चीन के साथ व्यापार क्यों बढ़ाया जा रहा है। पूरा इलेक्ट्रॉनिक बाजार चीन को दे दिया गया। भाजपा सरकार में उत्पीड़न, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। कानपुर के अखिलेश दुबे के मामले में सरकार तथ्य छिपा रही है। वहां पुलिस के बड़े-बड़े अधिकारी फंस रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर जातीय उत्पीड़न और भेदभाव हो रहा है। अधिकारियों की तैनाती जाति के आधार पर हो रही है। हरियाणा में एक आईपीएस की जान चली गई। सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस पर जूता फेंकना, कथावाचकों को बांधकर पीटना, रायबरेली में बाल्मीकि समाज के नौजवान को पीटकर मार डालना यहां बंथरा में भी इसी तरह की घटना हो गई। किसान खाद के लिए लाठी खा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी मौजूद रहे।