मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचक निधि से 4819.49 करोड़ रुपये की मांग की है। बार-बार सूचनाएं अपडेट कराने के बावजूद प्रदेश को केंद्र से अब तक इस मांगपत्र पर एक पाई भी नहीं मिल पाई है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया है कि सूखे से प्रभावित 44 जिलों के लिए सितंबर में 6138.45 करोड़ रुपये की मांग केंद्र से की गई थी। बाद में केंद्रीय दल ने सूखा प्रभावित जिलों के भ्रमण के बाद मांगपत्र को नियमों के अनुसार संशोधित कर भेजने का निर्देश दिया।
इसके बाद 4736.21 करोड़ रुपये का मांगपत्र भेजा गया। इसके बाद केन्द्रीय दल ने फिर से आंकड़ों को ठीक करने की ताकीद की। तो सरकार ने 15 अक्तूबर को फाइनल मांगपत्र भेजकर 4819.49 करोड़ रुपये की मांग की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को सूखे के अलावा बाढ़ व चक्रवाती तूफान हुदहुद से फसलों को हुए नुकसान की भी जानकारी दी है। उन्होंने प्रदेश किसानों को लगातार आपदाओं से प्रभावित होने का हवाला देते हुए मदद जल्द से जल्द दिलाने का आग्रह किया है।