सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत होती रहती है। इससे निराश होने की जरूरत नहीं है। भाजपा ने झूठ के बल पर सत्ता प्राप्त की है। सांप्रदायिक ताकतों की जीत स्थायी रहने वाली नहीं है।
अखिलेश बुधवार को सपा मुख्यालय में मुरादाबाद, फैजाबाद, अलीगढ़, बाराबंकी, मेरठ व मुजफ्फरनगर जिलों से बड़ी संख्या में आए लोगों से मुलाकात के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, पार्टी का सघन सदस्यता अभियान चल रहा है, इसे और तेजी एवं मजबूती देनी चाहिए। संगठन जितना मजबूत होगा हमारी आवाज में उतनी ही ताकत होगी।
सपा ने विकास के नाम पर चुनाव लड़ा। सांप्रदायिक ताकतों की जीत स्थायी नहीं रहने वाली है। सपा इनके खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। भाजपा की सामाजिक सौहार्द एवं धर्मनिरपेक्षता के विरोध की नीति का डटकर विरोध होगा। कार्यकर्ता संगठित और प्रतिबद्ध रहें।