अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने यूपी के नंबर एक पर होने का दावा किया अगर नीति आयोग की बात मानें तो यूपी 22वें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश में जातीय जनगणना की मांग करती है। उसके बिना विकास नहीं हो सकता है। कहा कि आज देश के सामने सवाल है कि संविधान बचेगा या नहीं। पढ़ा लिखा व्यक्ति झूठ को सच मानने लगे तो खतरा बड़ा हो जाता है।
लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोग गांव-गांव जाएंगे। पांच जून तक गांव-गांव में संगठन पहुंचाया जाएगा।
जो राहुल गांधी के साथ हुआ वो आजम खां के साथ हो चुका है
अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर कहा कि जो राहुल के साथ हुआ वो यूपी आजम खां के साथ और उनके बेटे के साथ हो चुका है। दीपक यादव , रमाकांत यादव और इरफान को फंसाया गया। सरकार इस तरह का काम कर रही है। आरिफ ने सारस की जान बचाई। अब उसे सजा दी जा रही है।
राष्ट्रीय दलों को क्षेत्रीय दलों से खतरा नहीं
कांग्रेस से गठबंधन पर अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय दल यह भूल जाएं कि क्षेत्रीय दल उनका नुकसान कर रहे हैं। क्षेत्रीय पार्टियों को बड़ी पार्टी से खतरा है। जो दल मजबूत हैं उनके नेतृत्व में दूसरे दल सामने आएं।
अखिलेश यादव ने अमेठी के आरिफ पर मुकदमा दर्ज कराने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि घायल सारस को अमेठी के आरिफ ने बचाया। पार्टी के लोगों ने मुझसे बताया तो मैं सारस से मिलने गया। आरिफ तो वोट दे सकता है पर सारस वोट नहीं देता फिर दुश्मनी क्यों? आरिफ ने सारस को बचाया तो उस पर मुकदमा दर्ज करवा दिया। सरकार को आरिफ को सारस मित्र पुरस्कार देना चाहिए तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की तस्वीर अपने प्रिय के साथ या जानवर के साथ नही हैं तो उन्हें तकलीफ क्यों है? मेरे पंडारा के आवास पर मोर आता है उसको चना खाने को देते हैं। अखिलेश ने कहा कि मैने एक हाथी की तस्वीर ट्वीट की तो महावत को जेल भेज दिया। यह सरकार डराने का काम करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि याद रखिए कानून सारस के लिए है तो अन्य जानवरों के लिए भी है। सांड लोगों की जान ले रहे है तो करवाई क्यों नहीं हुई?
इटावा में सारस संरक्षण केंद्र बन रहा था जिसे खत्म कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सारस की जान गई तो मुख्यमंत्री जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि आरिफ जेल गए तो तमाम पक्षी प्रेमी जेल जाएंगे। गौरैया को हम दाना खिलाएं तो हमें भी जेल भेज सकते हैं।
भाजपा के लोग खुद भू माफिया हैं
अखिलेश यादव ने सरकार द्वार भू माफियाओं पर कार्रवाई करने के दावे पर कहा कि भाजपा के लोग तो खुद भू माफिया हैं। इनकी सूची क्यों नहीं जारी की जा रही है।
अमेठी व रायबरेली में भाजपा हारे
अखिलेश यादव ने अमेठी व रायबरेली में सपा प्रत्याशी उतारे जाने पर कहा कि हम चाहते हैं कि वहां भाजपा हारे इसलिए प्रत्याशी उतारने की बात कही।