फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश बोले, दो वर्षों में पूरे होंगे बचे वायदे

Thu, 06 Nov 2014 01:53 AM IST
अखिलेश वाजपेयी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार एक-एक करके उन सभी वायदों को पूरा कर रही है जो विधानसभा चुनाव के दौरान सपा ने प्रदेश की जनता से किए थे। अधिकतर वायदे पूरे कर दिए गए हैं। अगले दो वर्षों में बचे हुए भी पूरे कर दिए जाएंगे।
विज्ञापन


कहा कि घोषणा पत्र में किए गए वायदे के मुताबिक आज समाजवादी पेंशन योजना शुरू की जा रही है। इसके तहत जिन गरीबों के पास बीपीएल कार्ड नहीं है उन परिवारों को प्रतिमाह 500 रुपये पेंशन प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को यहां जनेश्वर मिश्र पार्क में इस योजना की शुरुआत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संसाधन बढ़े तो भविष्य में पेंशन की राशि बढ़ा दी जाएगी।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने बताया कि वे परिवार जो भूमिहीन, स्वच्छकार, मजदूरी करके, खोमचा या फेरी लगाकर जीविका चलाते हैं, जिन परिवारों की मुखिया महिला या निशक्तजन हैं, उन सभी को प्रतिमाह 500 रुपये पेंशन प्रदान की जाएगी।

40 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि शर्तें पूरी करने वाले परिवारों को मिलने वाली पेंशन में प्रतिवर्ष 50 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। शर्तों में सबसे प्रमुख परिवारों को 6 से 14 वर्ष के बच्चों का स्कूलों में नामांकन के साथ 70 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य व प्रतिवर्ष स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा। राशि में बढ़ोतरी 750 रुपये तक जारी रहेगी। इसका लाभ प्रदेश के 40 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा।

इतने काम किसी सरकार ने नहीं किए : मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी सरकार ने सपा सरकार जितने काम नहीं किए हैं। देश में कोई राज्य सरकार ऐसी नहीं है जिसने 15 लाख छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए हों। जिसने अपने राज्यों में तीन स्थानों पर मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी हो। इतने बड़े पैमाने पर पेंशन देने की योजना का फैसला किया हो।

समाजवादी कार्यकर्ता लाभ दिलाएं: विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, नगर-विकास व संसदीय कार्यमंत्री मो. आजम खां ने सपा कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि जो लोग पात्र होने के बावजूद 40 लाख परिवारों की सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, सपा कार्यकर्ता ऐसे परिवारों को भी सूची में स्थान दिलाएं।
विज्ञापन

राजधानी के लोगों से हुई शुरुआत

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लखनऊ जिले के लाभार्थी परिवारों में 6000 लोगों को इस योजना का परिचय पत्र प्रदान कर योजना की शुरुआत की। उन्होंने एक पोर्टल का भी लोकार्पण किया। जिसमें प्रदेश में चल रही सभी पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के नाम व उनको दी जा रही राशि का उल्लेख होगा।

इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, निराश्रित निशक्त जन भरण-पोषण अनुदान (निशक्त पेंशन) व समाजवादी पेंशन योजना शामिल हैं। इन सभी योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या लगभग एक करोड़ है।

खुलेगा टोल फ्री सेंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना में शिकायतों के निराकरण के लिए जल्द ही एक टोल-फ्री कॉल सेंटर स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम को लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव, राज्यसभा सदस्य जया बच्चन, समाज कल्याण मंत्री अवधेश प्रसाद, मुख्य सचिव आलोक रंजन ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री की पत्नी सांसद डिंपल यादव सहित कई मंत्री, विधायक व अन्य प्रमुख लोग कार्यक्रम में मौजूद थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें