मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि एक सरकार डाइनामाइट चलाती थी, स्टेडियम तोड़ती थी लेकिन हम अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनवा रहे हैं।
बसपा सरकार ने प्रतिष्ठित संस्थाओं का नाम बदलने का सिलसिला शुरू किया लेकिन हमने सुधारने की पहल की तो सवाल उठाने लगे।
मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां सीजी सिटी में 2200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के शिलान्यास मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बसपा सरकार ने स्टेडियम पर बुलडोजर चलवाया, हम अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनवाने जा रहे हैं।
विधानसभा में नाम बदलने का मामला उठाया जा रहा है, मगर सवाल यह है कि इसकी शुरुआत किसने की? उन्होंने कहा कि नाम बदलने की परंपरा बसपा ने डाली। केजीएमयू का नाम बदल दिया।
कांशीराम शायद कन्नौज कभी गए भी नहीं होंगे लेकिन वहां के मेडिकल कॉलेज का नाम कांशीराम के नाम कर दिया। अब अगर हम थोड़े-बहुत नाम बदल रहे हैं तो क्यों तकलीफ हो रही है?
मुख्यमंत्री ने लैपटॉप वितरण से लेकर समाजवादी पेंशन व कौशल विकास मिशन में पंजीकरण की जानकारी दी। कहा कि कौशल विकास में 30 लाख युवा आवेदन कर चुके हैं।
समाजवादी पेंशन योजना में पार्टी के विधायकों ने लाभार्थियों का पंजीकरण शुरू करवा दिया है। ऐसी योजना किसी सरकार के पास नहीं है।
मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने सीजी सिटी में प्रस्तावित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रमुख सचिव आवास सदाकांत ने मुख्यमंत्री को समय से परियोजनाएं पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर कारागार मंत्री राजेंद्र चौधरी, दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा, नगर विकास राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री राकेश गर्ग, प्रमुख सचिव नियुक्ति राजीव कुमार व प्नवनीत सहगल आदि उपस्थित रहे।