फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश बोले: यूपी के लोग कहीं भी सुरक्षित नहीं, सवाल ये नहीं कि कौन मारा गया बल्कि सवाल यह है कि कहां मारा गया

Thu, 08 Jun 2023 12:34 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

मायावती ने कहा कि लखनऊ कोर्ट परिसर में सनसनीखेज गोलीकांड हुआ है। खुलेआम हुई हत्या यूपी में कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के मामले में सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसी घटनाओं से आम जनता में काफी दहशत है। सरकार सख्त कदम उठाए, बसपा की यही मांग है।
विज्ञापन
अखिलेश यादव व मायावती। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ की कहचरी में हुई हत्या के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि कानून व्यवस्था ध्वस्त है। ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार ने अपराधियों को खुली छूट दे रखी है। जो चाहे, जिसे चाहे, जहां मार दे। पुलिस हिरासत में हत्याएं हो रही हैं। कचहरी, थाने, कोर्ट में हत्याएं हो रही है। प्रदेश में लोग कहीं भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि कौन मारा गया बल्कि अहम सवाल यह है कि कहां मारा गया?

विज्ञापन


पत्रकारों से बातचीत करते हुए लखनऊ प्रकरण में सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोग हर स्तर पर साजिश करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह भी संभव है कि वे हत्यारोपी के संबंध में सपा से जोड़ दें, लेकिन उनकी हर कारगुजारी जनता समझती है। प्रदेश में बेटियां, महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। लखनऊ, नोएडा, कानपुर में हर दिन दुष्कर्म और अन्य अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में कार्यवाहक डीजीपी क्यों बना रही है? एक बार नहीं बल्कि तीन बार से कार्यवाहक डीजीपी बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कार्यवाहक डीजीपी इसलिए बना रही है, जिससे उनके लोगों और गुंडों को खुली छूट मिली रहे। उन्होंने कहा कि कन्नौज के भाजपा के सांसद ने पुलिस थाने में घुसकर पुलिस कर्मियों की पिटाई की। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर भी किया, लेकिन आश्चर्य है कि पुलिस को उसका पता नहीं मालूम है। वह खुलेआम कार्यक्रम कर रहा है, लेकिन लखनऊ से भाजपा के दबाव में पुलिस पकड़ नहीं रही है। उन्होंने कहा कि टिफिन लेकर प्रदेश के जिलों-जिलों में निकले भाजपाइयों को क्या प्रदेश में हो रही अपराध की घटनाओं की जानकारी नहीं है? सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग 10 साल पहले के किस्से सुनाते हैं।
विज्ञापन


अपराध नियंत्रण सरकार के लिए बड़ी चुनौती : मायावती
लखनऊ कोर्ट परिसर में हुई संजीव जीवा की हत्या के मामले में बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि लखनऊ कोर्ट परिसर में सनसनीखेज गोलीकांड हुआ है। खुलेआम हुई हत्या यूपी में कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के मामले में सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसी घटनाओं से आम जनता में काफी दहशत है। सरकार सख्त कदम उठाए, बसपा की यही मांग है।

अपराधियों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही : खाबरी
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली प्रदेश सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है। राजधानी के कोर्ट परिसर में कुख्यात अपराधी संजीव जीवा की पुलिस कस्टडी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली कांड में एक बच्ची और सिपाही भी घायल हुआ। इससे साफ हो गया है कि सरकार अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें