Akhilesh Yadav: बेसिक शिक्षा मंत्री के द्वारा बीते दिनों स्कूलों के विलय पर सरकार द्वारा जारी किए गए संशोधित आदेश पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा का अधिकार कोई नहीं छीन सकता। प्राइमरी स्कूलों को बंद करने जा रही भाजपा सरकार का नया फरमान उसकी शिक्षा विरोधी नीति की नैतिक हार है। यह पीडीए पाठशाला आंदोलन की जीत है।
विज्ञापन
अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने आठ साल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। भाजपा सरकार साजिश के तहत पीडीए और गरीबों को शिक्षा से दूर करना चाहती है। समाजवादी लोग भाजपा की शिक्षा विरोधी षड्यंत्रकारी नीति को सफल नहीं होने देंगे। हम बच्चों के शिक्षा के अधिकार को किसी को छीनने नहीं देंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश में समाजवादियों की ओर से शुरू की गई पीडीए पाठशाला को छात्रों और अभिभावकों से मिल रहे भारी जनसमर्थन से भाजपा सरकार घबरा गई है। इसी के चलते सरकार बैकफुट पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज को पीछे ले जाना चाहती है। तरह-तरह के अवरोध खड़ा कर बच्चों को शिक्षा से दूर कर रही है। समाजवादी पार्टी इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।