सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए केंद्र सरकार जो फैसले लेगी, समाजवादी पार्टी उसके साथ है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि जब जड़ पर हमला होगा तो टहनियां अपने आप समाप्त हो जाएंगी। अखिलेश यादव प्रदेश सपा मुख्यालय पर प्रबुद्ध सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नई दिल्ली में होने वाली सर्वदलीय बैठक में अपनी राय रखेगी। आतंकवाद का और सख्ती से मुकाबला करना होगा। यह बहुत संवेदनशील मामला है। हमारी फौज मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सजग रहने से ही सीमा की सुरक्षा हो सकती है। इसमें कोई चूक स्वीकार्य नहीं होगी। हमें अपनी सेना पर पूरा भरोसा है। उसकी वजह से हम सुरक्षित हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। भाजपा वोट के लिए कुछ भी कर सकती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा में एक निवर्तमान होने वाले सीएम हैं और दो डीसीएम (डिप्टी चीफ मिनिस्टर) हैं। इनको न हाता भाता है, न तिलक लुभाता है। भाजपा सरकार विपक्ष और खासकर ब्राह्मणों के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से फैसले लेती है। उन्होंने कहा कि पीडीए में ब्राह्मण समेत हर पीड़ित और शोषित शामिल है। हम सब मिलकर 2027 में भाजपा सरकार को हटाने का काम करेंगे। विधानसभा में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि भाजपा जाति विशेष की सरकार है। ब्राह्मण अब 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा।