मौका कोई भी हो अखिलेश यादव अपने कामों का प्रचार का बहाना ढूंढ़ ही लेते हैं। अब गुजरात में बच्चों को बांटे गए स्कूल बैग पर अपनी तस्वीर की खबर सुर्खियां बनते ही उन्होंने इस बारे में ट्वीट किया।
अखिलेश ने ट्विटर पर पोस्ट किया, ‘सवाल ये है कि यूपी के बस्ते गुजरात में कैसे बँट रहे हैं। स्टीकर से तस्वीर तो छिपायी जा रही है,लेकिन समाजवादी काम और रंग फिर भी दिख रहे हैं।’
बता दें कि गुजरात के छोटा उदेपुर में इस सप्ताह बांटे गए 12000 स्कूली बैग में अखिलेश यादव की तस्वीर ने लोगों को हैरानी में डाल दिया। इन स्कूली बैग में स्थानीय पंचायत का लोगो लगा हुआ था लेकिन बच्चों ने इनके स्टीकर उतारे तो इन पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की तस्वीर छपी मिली।
दरअसल ये वो स्कूली बैग थे, जिन्हें यूपी में समाजवादी पार्टी सरकार की ओर से बांटे जाने थे। यूपी में समाजवादी पार्टी ने पहली से आठवीं क्लास तक के बच्चों के बीच 1.8 करोड़ बैग बांटने की योजना बनाई थी।
लेकिन बच्चों में ये बैग बांटने के बीच ही राज्य में विधानसभा चुनाव घोषित हो गए और आदर्श आचारसंहिता लागू हो गई। लिहाजा अखिलेश यादव के फोटो वाले बैग बांटना बंद करना पड़ा।
अब यही बैग अहमदाबाद से नौ घंटे की दूरी पर स्थित आदिवासी बहुल जिले छोटा उदेपुर में स्थानीय पंचायत के स्टीकर लगा कर स्कूली बच्चों के बीच बांट दिए गए।
स्टीकर फटने से उनमें अखिलेश यादव की छपी तस्वीर दिख गई। उनमें लिखा था, ‘खूब पढ़ो, खूब बढ़ो’। स्थानीय प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।