सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के जो लोग वंदे मातरम को लेकर सवाल पूछते हैं, वह अपने गैर पंजीकृत संघी साथियों से भी पूछ लें कि क्या उन्होंने कभी आजादी के आंदोलन में वंदेमातरम गाया था। केंद्र सरकार ने देश के किसानों के साथ धोखा किया है। अमेरिका को 500 अरब डॉलर का बाजार दे दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मतदाता सूची में घोटाला कर रही है। इसलिए पंचायत चुनाव टाला जा रहा है। भाजपा फार्म-7 के जरिये मतदाता सूची में हेराफेरी करना चाहती है। अखिलेश ने फिर दोहराया कि जातीय जनगणना हो, उसके बाद सबको उनका वाजिब हक मिले। राजमाता अहिल्या बाई होल्कर ने काशी में विरासत को संरक्षित करने का काम किया था। भाजपा सरकार उनके नाम और विरासत को मिटा रही है।
सड़क हादसों में 50 फीसदी मौतें यूपी में
एक सवाल के जवाब में सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कैंपस में छात्रों की एकजुटता खत्म करने के अपने मकसद में कामयाब हो गई। स्थिति यह है कि सड़कों में गड्ढों के कारण हुई मौतों में 50 फीसदी से ज्यादा यूपी में हुई हैं। वहीं, अखिलेश यादव ने एप्सटीन फाइल पर किसी तरह की चर्चा करने से इन्कार किया। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के यूपी आने के सवाल पर कहा कि यहां की जनता पीडीए की लड़ाई को कमजोर नहीं होने देगी। उन्होंने हाईकोर्ट से सोलर प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में एफआईआर रद्द होने पर कहा कि दर्ज कराने वाले उद्योगपति पर अब कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही कहा कि बांदा जेल से अपराधी भागा नहीं, बल्कि उसे भगाया गया है।