सूबे की सपा सरकार ने प्रदेश के करीब तीन लाख वकीलों के कल्याण के लिए 120 करोड़ रुपये अधिवक्ता कल्याणकारी न्यासी समिति में ट्रांसफर कर दिए हैं।
महाधिवक्ता इस समिति के पदेन अध्यक्ष हैं। इस रकम से वकीलों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जाएंगी। महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने शनिवार को ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को अधिवक्ता कल्याणकारी न्यासी समिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन अब्दुल रज्जाक खां समेत अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में सरकार से मिले 120 करोड़ की को विभिन्न बार एसोसिएशनों में बांटे जाने संबंधी कार्ययोजना तय की जाएगी।
महाधिवक्ता ने उम्मीद जताई कि इस राशि से वकीलों के चैंबर निर्माण, लाइब्रेरी, कंप्यूटर, बीमा समेत इलाज की सुविधा जैसी समस्याओं को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
अभी तक फंड के अभाव में इन कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में दिक्कतें आ रही थीं। अधिवक्ता प्रतिनिधि लंबे समय से कल्याणकारी योजनाओं के सुचारु संचालन केलिए रकम जारी किए जाने की मांग कर रहे थे।
नियुक्त होंगे सक्षम सरकारी वकील
महाधिवक्ता ने बताया कि जल्द ही कुछ नए सक्षम सरकारी वकीलों की तैनाती की जाएगी। इससे राज्य सरकार की तरफ से मुकदमों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित हो सकेगी।